कुशीनगर : विश्व प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थ स्थल कुशीनगर में मानवता और शांति के संदेश को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। महापरिनिर्वाण मंदिर क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद स्थानीय दुकानदारों ने एक पर्यटक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंदिर क्षेत्र के पास किसी बात को लेकर पर्यटक और स्थानीय दुकानदारों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दर्जनों की संख्या में दुकानदार इकट्ठा हो गए और पर्यटक को घेर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बेखौफ हमलावर पर्यटक को सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों और लात-घूसों से बेरहमी से पीट रहे हैं।
वीडियो के संज्ञान में आते ही स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर दबिश दी और घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
स्थानीय बुद्धिजीवियों और पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की “गुंडागर्दी” से कुशीनगर की अंतरराष्ट्रीय छवि को गहरा धक्का लगा है। विदेशी पर्यटकों के बीच असुरक्षा का भाव पैदा होने से भविष्य में यहां के पर्यटन व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अराजक तत्वों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत न कर सके।

