जनपद के नेबुआ नौरंगिया विकासखंड के अंतर्गत ग्रामसभा कुईयां के लालछन छपरा स्थित सेमरा बाबा मंदिर प्रांगण में नौ दिवसीय रुद्र महायज्ञ का शुभारम्भ गुरूवार को कलश यात्रा व कलश स्थापना के साथ हुआ। गाजे बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा में 1111 कन्याओं ने कलश उठाया। इस दौरान लगाए जा रहे जयकारे से पूरा वातावरण शिवमय हो गया था।
ग्रामसभा कुईया के लालछन छपरा स्थित प्रसिद्ध सेमरा बाबा मंदिर परिसर से सुबह हाथी, घोड़े और पालकी से सुसज्जित कलश यात्रा निकाली गई। मंदिर प्रांगण से शुरू होकर पिपरा वर सिवान, खानु छपरा, पचफेड़ा होते हुए बगही धाम मानसरोवर पर पहुंची और यहां मानसरोवर से निकलने वाले पावन जल से यज्ञाचार्य पंडित आदित्य तिवारी के मंत्रोच्चार के बीच कलश भरा गया। यहां से कलश यात्रा जयकारा लगाते हुए बगही धाम, परसिया नौका टोला, खानु छपरा, पकडियार बाजार मार्ग होते हुए सेमरा बाबा मंदिर के यज्ञ मंडप में आकर समाप्त हुई।
कलश यात्रा के दौरान घोडे़-गाडियों का आकर्षण देखने को मिला, वहीं युवा डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। श्रद्धालुओं के हर हर महादेव व जयश्री राम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। उक्त कलश यात्रा में लगभग 1111 कन्याओं ने कलश उठाया व उसकी स्थापना की। रुद्र महायज्ञ के दौरान प्रत्येक दिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक प्रवचन कथा व रात सात बजे से 12 बजे तक कलाकारों द्वारा प्रसिद्ध रामलीला का मंचन किया जाएगा।
यज्ञ का समापन 27 मार्च को यज्ञ पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ सम्पन्न होगा। प्रतिदिन यज्ञ मंडप की परिक्रमा व पूजा पाठ श्रद्धालुओं द्वारा किया जाएगा। कलश यात्रा में आयोजन समिती के अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, साधु रवि दास, महंत दास, घनश्याम कुशवाहा, प्रधान शत्रुन्जय सिंह, मंटू गोंड़, गोपाल, जितेंद्र, रामदुलारे कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण व प्रशासनिक टीम उपस्थित रही।

