कुशीनगर पुलिस ने नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में 14 फरवरी को एक ज्वेलर्स के घर हुई 10 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की घटना का सफलतापूर्वक अनावरण कर लिया है।
पुलिस ने घटना में शामिल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से लूटा गया माल, अवैध हथियार और वाहन बरामद किया गया है। इस कामयाबी पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने टीम को बधाई दी है।
पुलिस के अनुसार, लूट की वारदात पड़ोसी की मुखबिरी पर आधारित थी। आरोपियों ने बंदूक की नोक पर ज्वेलर्स से नकदी और जेवरात लूटे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाप्रताप कुशवाहा, सत्येंद्र कुमार, गोकुल कुशवाहा और दीपांशु श्रीवास्तव के रूप में हुई है।पुलिस ने इनके पास से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी, नकदी, अवैध असलहे और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “यह घटना थाना नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में हुई थी। हमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को ट्रेस किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
यह सफलता सामुदायिक पुलिसिंग और सूचना तंत्र की मजबूती का परिणाम है।” उन्होंने आगे कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

