कुशीनगर : विशुनपुरा थाना क्षेत्र के कोइलहवा रेगुलेटर पुल के पास बुधवार को बड़ी गंडक नहर में एक महिला और एक पुरुष का शव तैरता मिलने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एक ही स्थान पर दो शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों व राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्थानीय लोग जब कोइलहवा रेगुलेटर पुल की तरफ से गुजर रहे थे, तो उनकी नजर नहर के पानी में पड़े दो शवों पर पड़ी। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना तुरंत विशुनपुरा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही विशुनपुरा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया और कब्जे में ले लिया।
पुलिस दोनों शवों की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।

