रुपये निकालकर लौट रहे युवक को घेरा, लात-घूंसों से पीटकर 5000 रुपये व मोबाइल छीनने का आरोप

0
25

थाना खड्डा क्षेत्र के अंतर्गत शाहपुर नौका टोला गांव में एक युवक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की मां ने खड्डा थाना अध्यक्ष को लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के मुताबिक, शाहपुर नौका टोला निवासी लालिमा देवी पत्नी बिकाऊ चौहान ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र धनंजय चौहान बाहर रहकर मजदूरी करता है। वह 1 सितंबर 2026 को ही कमाकर घर लौटा था।

2 सितंबर 2026 की शाम धनंजय गांव के ही शनिश्चरी बाजार में घर का सामान खरीदने गया था। उसने बाजार स्थित गोलू चौहान के जनसेवा केंद्र से 5,000 रुपये निकाले और उसमें से 300 रुपये की मछली खरीदी।

आरोप है कि जब धनंजय सामान लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में बिकाऊ चौहान (राइस मिल वाला), सिंहासन हजाम, चंदन पुत्र लोरिक और दीनानाथ पुत्र सिंहासन ने गोलबंद होकर उसे रोक लिया। आरोपियों ने मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए धनंजय को जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों व तमाचों से जमकर पिटाई कर दी।

पीड़ित की मां का आरोप है कि दबंगों ने धनंजय के पास मौजूद 5,000 रुपये जबरन छीन लिए और उसका मोबाइल फोन तोड़कर मौके से फरार हो गए। धनंजय को मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी वहां से भाग निकले।

पीड़ित महिला लालिमा देवी ने खड्डा पुलिस को तहरीर देकर सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।खबर लिखे जाने तक पीड़ित से संपर्क करने पर बताया गया की अभी तक पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

Prabhat

कुशीनगर लाइव.com के साथ विगत 05 वर्ष से जुडाव,जो कुशीनगर लोकप्रिय न्यूज़ साइट है.जहा प्रतिदिन हजारों लोग साइट पर विजिट करते है.