कुशीनगर : शुक्रवार को रामकोला थाना क्षेत्र में पडरौना-रामकोला-कप्तानगंज मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसों में तीनों की मौत हो गई।
गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक को घेरकर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक पडरौना से रामकोला की ओर जा रहा था। पहले हादसे में मेंहदीगंज के पास अब्दुलचक गांव के सामने सोनवल पडरौना निवासी मोतीलाल पुत्र रामचंद्र ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चालक ट्रक लेकर आगे भागता रहा। कुछ दूरी पर धनौजी खास निवासी 15 वर्षीय चंद्रेश पुत्र पारस साइकिल से अपनी बहन के घर चंदरपुर जा रहे थे।
ट्रक ने उन्हें भी टक्कर मार दी। चंद्रेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।इसके बाद भी चालक नहीं रुका।
रामकोला से आगे लक्ष्मीगंज के पास गोबरी (गोबरही) चौराहे पर ट्रक ने तीसरा हादसा कर दिया। इस टक्कर में ग्राम पंचायत रामबर, परतावल निवासी 35 वर्षीय सुभाष पुत्र महेंद्र पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई।
एक पीड़ित को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटा भी गया।लगातार तीन हादसों से स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
दुकानदारों और राहगीरों ने ट्रक को रोक लिया, चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। ट्रक भी पुलिस कब्जे में है।रामकोला थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि चालक से पूछताछ चल रही है।
हादसों के कारण, ट्रक की गति और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। आगे नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

