कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया विकास खंड के हरपुर माफी में लगा दर्जनों इंडिया मार्क हैंडपंप वर्षों से खराब पड़ा है, जिसकी सुधि न तो ग्राम प्रधान ले रहे और न ही जिम्मेदार महकमा।
गाँव के लोग कम गहराई वाले देसी हैंडपंप का पानी पीने को मजबूर हैं। समस्या से गाँव के पी. जी. गोरखपुरी ने आईजीआरएस के माध्यम से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। अधिकारियों द्वारा केवल कागजी प्रकिया पूरी कर मामले को ठंडे बस्ते में रख दिया गया।
भीषण गर्मी, धार्मिक व मांगलिक कार्यक्रम के बीच पड़ा खराब हैंडपंप अधिकारियों की लापरवाही का पोल खोल रहा है। सभी हैंडपंप वर्षों से खराब है। लोगों ने मरम्मत के लिए प्रधान से लेकर ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन समस्या दूर करवाने की जहमत किसी ने नहीं उठाई।
थक हार कर और बेवस होकर कम गहराई वाले देसी हैंडपंप लोगों का सहारा बना है। लोगों की शिकायत है कि उन्हें पेयजल नहीं मिल रहा है जिसके चलते वह लोग संक्रमित बीमारियों से जूझते रहते हैं। लोगों का कहना है कि शुद्ध पेयजल के लिए खरीद कर पानी पीना पड़ता हैं।
गांव 30-35 हैंडपंप मरम्मत व रिबोर कराना अतिआवश्यक है। हैंडपंपों मे 8 से 10 बिल्कुल पानी नही दे रहा है, 10-15 दूषित जल जैसे पीला व बालू रहित पानी दे रहा है और शेष हैंडपंप 3 से 4 मिनट चलाने पर पानी निकल रहा है। हैंडपंप की खराबी रामनारायन पासवान, नागेंद्र लाल श्रीवास्तव, विनोद लाल श्रीवास्तव, विरेद्र लाल श्रीवास्तव, संतराज पासवान, ईदगाह के पास, पंचायत भवन परिसर, अमृत पोखरा के पास, बृजेश विश्वकर्मा, शंकर गौतम, मुसहर बस्ती व मुन्ना गोंड़ सहित पूरे मोहल्ले में है।
हरपुर माफी गांव में 14 टोले या 15 वार्ड है।प्रधान प्रतिनिधि हरिश्चंद पासवान ने बताया कि कारीगर (मिस्त्री) से बात हुई है। एक सप्ताह में सभी हैंडपंपों को ठीक करा दिया जाएगा।
वही सहायक खंड विकास अधिकारी मोहन सिंह ने कहा कि जिन हैंडपंपो को कार्ययोजना में लिया गया होगा, उनकी मरम्मत कराई गई होगी। शेष हैंडपंपों को कार्ययोजना में डालकर मरम्मत कराई जाएगी। गाँव के मोहन गुप्ता, प्रेमचंद, बृजेश विश्वकर्मा, प्रियम श्रीवास्तव, अनिरुद्ध श्रीवास्तव, संतराज पासवान, लक्ष्मी देवी, विजेंद्र, रामनारायन, समीर अब्बास, राहुल चौधरी आदि ने समस्या के निदान की मांग की है।

