कुशीनगर: जिलाधिकारी कुशीनगर ने जनपद में निर्माण श्रमिकों एवं दिहाड़ी मजदूरों की सुविधा के लिए डॉ. भीमराव अम्बेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र (लेबर अड्डा) की स्थापना हेतु स्थलों के चयन के निर्देश जारी कर दिए हैं।
शासन के निर्देशानुसार यह कदम मजदूरों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।जिलाधिकारी ने समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे ऐसे स्थानों का चिन्हांकन करें जहां निर्माण श्रमिक सामान्यतः काम की तलाश में एकत्रित होते हैं।
चयनित स्थल के आसपास न्यूनतम एक किलोमीटर की परिधि में उपलब्ध भूमि का सर्वेक्षण कर उपयुक्त निर्माण प्रकार (G+2, G+1, ग्राउंड फ्लोर अथवा श्रमिक शेड) के अनुसार विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए।अधिशासी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि चयनित भूमि की विस्तृत रिपोर्ट, लेआउट प्लान एवं निर्माण की अनुमानित लागत सहित पूरा प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराएं, ताकि आगे की कार्यवाही समयबद्ध तरीके से की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिक सुविधा केंद्रों की स्थापना से निर्माण श्रमिकों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल मिलेगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी और जीवन स्तर में सुधार आएगा।

