कुशीनगर : बरवापट्टी थाना क्षेत्र के दशहवा गांव के बेरहनी टोला में रविवार को एक दर्दनाक वाकया सामने आया। सड़क किनारे झाड़ियों में प्लास्टिक के डिब्बे में एक नवजात बच्ची को छोड़ दिया गया था। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और जान बचाई।
ग्रामीणों के अनुसार, डिब्बे में बंद बच्ची जोर-जोर से रो रही थी। उन्होंने तुरंत उसे बाहर निकाला और देखभाल शुरू की। गांव की एक महिला ने बच्ची को गोद में उठाया और मां जैसा स्नेह दिया। उन्होंने बच्ची का पालन-पोषण करने की इच्छा भी जताई।
सूचना मिलते ही बरवापट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस बुलाकर नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां बच्ची को चिकित्सकीय जांच, दूध और जरूरी पोषण उपलब्ध कराया गया। इसके बाद पुलिस ने नवजात को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया। मामले की जांच जारी है।
कुशीनगर पुलिस ने भी पुष्टि की है कि थाना बरवापट्टी पुलिस टीम ने बच्ची को सीएचसी पहुंचाया और वहां से चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया।

