कुशीनगर: रवींद्रनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बंटी कुमार का एयरटेल सिम कार्ड मोबाइल फोन मरम्मत के दौरान गायब हो गया। पीड़ित ने सिम के संभावित दुरुपयोग की आशंका जताते हुए मामले की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित बंटी कुमार के अनुसार, उन्होंने अपना खराब मोबाइल फोन ठीक कराने के लिए गांव के ही निखिल की दुकान पर 3 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10:45 बजे दिया था। मोबाइल में उनका एयरटेल का सिम कार्ड (नंबर: 9305806044) लगा हुआ था, जो उन्हीं के नाम पर पंजीकृत है।
बंटी का कहना है कि इस नंबर पर कई महीनों से रिचार्ज नहीं कराया गया था। इस वजह से उन्होंने समझा कि रिचार्ज न होने के कारण सिम स्वतः बंद हो जाएगा और उन्होंने तुरंत इसके गायब होने की शिकायत नहीं दर्ज कराई। बाद में जब उन्हें सिम के दुरुपयोग की आशंका हुई, तो उन्होंने 16 अगस्त 2026 को मामले की ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित के मुताबिक, 15 अगस्त 2026 की शाम को रवींद्रनगर थाने के हलका सिपाही ने उन्हें सूचना दी कि उक्त सिम कार्ड एक चोरी के मोबाइल में इस्तेमाल होता हुआ पाया गया है और उनसे पूछा गया कि क्या मोबाइल उन्होंने चोरी किया है? यह सुनकर वह भौचक्के रह गए, क्योंकि उन्होंने तो मोबाइल केवल मरम्मत के लिए दिया था और उसी दौरान सिम कहीं गुम हो गया था, जिस पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया था।
बताया जा रहा है कि संबंधित सिम फिलहाल बंद आ रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

