कुशीनगर के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर राजस्थान के एक युवक और उसके परिवार से 1.30 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना अहिरौली बाजार पुलिस ने एक पुरुष और चार महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर ठगी के 70 हजार रुपये नकद, चार साड़ियां और एक जींस का पैंट बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के अलवर जिले के धौलागढ़ थाना क्षेत्र के जहड़ू गांव निवासी कृष्णकांत जांगड़े की शादी कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के लंगड़ी गांव निवासी गुड़िया चौहान से फोन पर तय हुई थी। 11 नवंबर को कृष्णकांत अपने पिता वीरेंद्र कुमार जांगड़े, मां दयावती देवी और मामा गिरीश कुमार के साथ विवाह के लिए अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के भैंसही बाजार पहुंचे।
वहां गुड़िया अपनी मां निर्मला देवी, बहन पूजा, मामा मिट्ठू चौहान और मध्यस्थ अर्चना चौहान के साथ पहुंचीं। आरोप है कि शादी कराने के नाम पर उन्होंने कृष्णकांत से लगभग 1.20 लाख रुपये नकद और करीब 10 हजार रुपये के कपड़े व श्रृंगार का सामान ले लिया।बातचीत के बाद कृष्णकांत अपनी होने वाली पत्नी को लेकर टेंपो से गोरखपुर रवाना हुए। रास्ते में गुड़िया ने पेशाब का बहाना बनाकर टेंपो से उतरकर फरार हो गई।
पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। मामले में अहिरौली बाजार थाने में मुकदमा संख्या 239/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया डॉ. अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने 12 नवंबर को दोपहर करीब 3:15 बजे ग्राम असना से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
- गुड़िया चौहान, निर्मला देवी और पूजा (निवासी लंगड़ी, थाना कोतवाली हाटा)
- मिट्ठू चौहान (निवासी महादेव छपरा, थाना कोतवाली हाटा)
- अर्चना चौहान (निवासी धीरजा रोहुआर उजरी, थाना भलुअनी, जिला देवरिया)

