कुशीनगर जिले के पडरौना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जंगल जगदीशपुर गांव (टोला मदरहवा/जंगल चौरिया) में शनिवार सुबह भूमि विवाद में 50 वर्षीय ओमप्रकाश राजभर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।शव केले के खेत में खून से लथपथ अवस्था में मिला।
घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। मृतक की दूसरी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो वे भी घायल हो गईं। घायल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
ओमप्रकाश राजभर ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से तीन बेटियां और एक बेटा तथा दूसरी पत्नी से एक बेटा और एक बेटी है। कुल छह बच्चे हैं। पुश्तैनी जमीन के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि जमीन बेचने या दूसरी पत्नी को हिस्से देने से नाराज पहली पत्नी उर्मिला ने विवाद के दौरान हमला किया। हत्या के बाद आरोपी महिला फरार हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं। आरोपी पहली पत्नी की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।

