कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र स्थित खोटही ग्राम पंचायत के रामबाग में ‘निर्भया’ के पास एक खतरनाक मोड़ को जल्द ही ‘ब्लैक स्पॉट’ (दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र) घोषित किया जाएगा।
कुशीनगर के सहायक परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) डॉ. दिलीप कुमार गुप्त ने हाल ही में हुए एक सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए इस संबंध में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह निर्णय हाल ही में हुए एक सड़क हादसे के बाद लिया गया है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। एआरटीओ डॉ. दिलीप कुमार गुप्त ने इस मोड़ को जल्द सुरक्षित बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि आगामी सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इस प्रकरण को प्रमुखता से उठाया जाएगा और मोड़ को आधिकारिक तौर पर ‘ब्लैक स्पॉट केंद्र’ घोषित कराया जाएगा।
अधिकारी के अनुसार, ‘ब्लैक स्पॉट’ घोषित होने के बाद इस मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इसमें दुर्घटना संभावित क्षेत्र के चेतावनी बोर्ड लगाना शामिल है। वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) का निर्माण किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक कमियों को भी प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाएगा।कप्तानगंज के उपजिलाधिकारी मोहम्मद जफर ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली थी। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता (ईएक्सएन) राजेश निगम से इस मोड़ के संबंध में बात की है। पत्राचार के माध्यम से वहां जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और चेतावनी बोर्ड तथा ब्रेकर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश निगम ने भी पुष्टि की कि यह मामला उनके संज्ञान में है और जल्द ही इस स्थान पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि आए दिन बड़ी घटना होती रहती है अगर इस मार्ग के मोड का समाधान हो जाएगा तो कुछ अंकुश लग सकता है।

