कुशीनगर : जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र बभनौली सिधरिया गांव में पानी में डूबने से एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई।
शुक्रवार शाम से लापता तीनों बच्चियों के शव शनिवार को SDRF की टीम ने अथक प्रयास के बाद पानी से बाहर निकाल लिए हैं।
इस घटना के बाद से पूरे इलाक़े में शोक है।
बभनौली सिधरिया गांव की रहने वाली तीनों बेटियां शुक्रवार को गांव के पास ही घास काटने गई थीं।
देर शाम वापस लौटते समय रास्ते में गहरे पानी के पास एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह डूबने लगी।
उसे बचाने के चक्कर में दूसरी और तीसरी बच्ची भी पानी में उतर गईं। देखते ही देखते तीनों बेटियां गहरे पानी में समा गईं।
कल रात से जारी था तलाश अभियान
शनिवार सुबह तीनों बच्चियों के शवों को बरामद कर लिया गया।
एक ही परिवार की तीन-तीन बेटियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव का माहौल गमगीन हो गया है और हर किसी की आंखें नम हैं।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

