कुशीनगर में तीन बहनों के डूबने की आशंका, SDRF चला रही सर्च ऑपरेशन

0
8

कुशीनगर। जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बभनौली गांव के पास स्थित सिधरिया ड्रेन में एक ही परिवार की तीन मासूम बहनों के डूबने की आशंका से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

जानकारी के अनुसार, बभनौली गांव के पास सिधरिया ड्रेन के पास सपना (10 वर्ष), कंचन (12 वर्ष) और छोटी (8 वर्ष) घास काटने के लिए घर से निकली थीं। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान सिधरिया ड्रेन के पास उनके सामान मिलने के बाद आशंका जताई गई कि तीनों बहनें ड्रेन में डूब गई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ SDRF की टीम मौके पर पहुंची और ड्रेन में सर्च अभियान शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक तीनों बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल सका था और बचाव दल लगातार तलाश में जुटा हुआ था।

इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर मौजूद हैं और बच्चियों के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तलाश अभियान जारी है। SDRF की टीम ड्रेन में गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Prabhat

कुशीनगर लाइव.com के साथ विगत 05 वर्ष से जुडाव,जो कुशीनगर लोकप्रिय न्यूज़ साइट है.जहा प्रतिदिन हजारों लोग साइट पर विजिट करते है.