कुशीनगर : लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15114) की S-1 स्लीपर कोच में रविवार सुबह एक युवती का बेरहमी से कटा हुआ शव बरामद होने का मामला सनसनीखेज हो गया है। अब इसकी पहचान कुशीनगर जिले की एक युवती के रूप में हुई है। पुलिस पारिवारिक कलह और ऑनर किलिंग के एंगल से जांच कर रही है।
17 मई को बिहार के छपरा से लखनऊ आ रही ट्रेन गोमतीनगर स्टेशन पहुंची। सफाई स्टाफ को कोच S-1 में एक संदिग्ध स्टील का बॉक्स और एक भारी बैग मिला, जो लावारिस पड़ा था। बॉक्स खोलने पर युवती का सिर कटा धड़ मिला, जबकि बैग में हाथ-पैर प्लास्टिक में पैक थे। सिर अभी तक बरामद नहीं हुआ है। शव की उम्र लगभग 25-30 साल बताई जा रही है।
GRP और स्थानीय पुलिस की टीमों ने CCTV, मोबाइल सर्विलांस और गुमशुदगी की सूचियों के आधार पर पहचान की। मृतका कुशीनगर जिले की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवती चार बहनों में तीसरी थी और घर में कुछ समय से पारिवारिक तनाव चल रहा था।जांच में सामने आया कि युवती के किसी युवक से संबंध को लेकर परिवार नाराज था।
इसी आधार पर ऑनर किलिंग का एंगल मजबूत माना जा रहा है। पिता और कुछ रिश्तेदारों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है, उनसे पूछताछ चल रही है। कुशीनगर के सेवरही थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई और एक संदिग्ध टेंपो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई रही है।

