कुशीनगर:कुशीनगर के लीलावती देवी स्टेडियम में आज शाम राहुल की खाट सभा के लिए तैयारी लगभग पुरी हो चुकी है। प्रशासन, स्थल की युद्ध स्तर पर साफ -सफाई में जुटा रहा। एसपीजी की सुरक्षा निगरानी में मंच का निर्माण हुआ। शाम को पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने भी तैयारी का जायजा लिया। मंच के निर्माण में बांस, बल्लियों की जगह पूरी तरह से लोहे के गर्डर व पाइप का इस्तेमाल किया गया है। मंच के सुरक्षा घेरे के लिए भी लोहे का इस्तेमाल किया जा रहा है। मंच का सुरक्षा घेरा ऐसा है कि बिना एसपीजी के अनुमति के परिंदा भी न घुस सके। मंच के सामने खाट पर किसान बैठेंगे और राहुल से संवाद करेंगे। आम लोगों के बैठने के लिए मंच से थोड़ी दूर शामियाना लगवाया गया है। एसपीजी ने स्टेडियम के दो बंद पड़े गेट को खुलवा दिया। जंग लगने के कारण दोनों गेट जाम हो चुके थे। अब इन दोनों गेटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। किसानों के बैठने के लिए लगभग दो सौ मचिया भी मंगाया गया है।
रिश्वत लेते समय डीपीआरो आफ़िस का कर्मचारी गिरफ्तार
कुशीनगर: विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में सोमवार को विजिलेंस टीम ने घूस लेते रंगे हाथ एक बाबू को गिरफ्तार किया। सफाईकर्मी से तबादला के लिए दस हजार रुपये घूस लेने का आरोप है। जांच-पड़ताल के दौरान आरोपी के जेब से अस्सी हजार से अधिक रुपये बरामद हुए। टीम के निरीक्षक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। बताया जाता है कि देवरिया जिले के रामपुर कारखाना निवासी प्रमोद गोड़ जनपद के मोतीचक ब्लाक के गांव मोड़रा में सफाईकर्मी पद पर तैनात हैं। बीते दिनों विभाग में आवेदन कर अपने तबादले की उन्होंने गुहार लगाई। मामले में कार्रवाई न होते देख उसने एक जनप्रतिनिधि का पत्र भी अपने आवेदन में शामिल कर सुनवाई की मांग की। इस पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि तबादले को लेकर वह दफ्तर के बाबू राहुल सिंह से मिला और अपनी पीड़ा बताई। इस पर बाबू द्वारा तबादले के लिए दस हजार रुपये की मांग की गई। व्यवस्था से आजिज आकर प्रमोद ने बीते एक सितंबर को इसकी शिकायत विजिलेंस टीम गोरखपुर से की। सोमवार की अपरान्ह लगभग एक बजे प्रमोद रुपये लेकर दफ्तर पहुंचे और बातचीत के अनुसार दस हजार रुपये संबंधित बाबू राहुल सिंह को दिया। इसी बीच अचानक विजिलेंस टीम मौके पर पहुंच गई और दस हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ उसे गिरफ्तार कर ली। जांच-पड़ताल के दौरान राहुल सिंह के जेब में दस हजार के अलावा अलग-अलग बंडलों में रखे 78 हजार 600 रुपये भी मिले। विजिलेंस टीम ने जब इन रुपयों के बारे में उससे जानकारी मांगी तो वह कोई उचित जवाब नहीं दे सका। बाद में टीम आरोपी को लेकर सदर कोतवाली पहुंची। जहां टीम के निरीक्षक राम दयाल चौहान की तहरीर पर पुलिस ने मामले में 7-13 एंटी करप्शन सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर राहुल सिंह को जेल भेज दिया।
सौ० दैनिक जागरण,कुशीनगर
कुशीनगर बनेगा पर्यटन का हब: कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी

कुशीनगर : ग्राम शामपुर हतवा में विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण सोमवार को कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने किया। मंत्री ने कहा कि 2012 के विधान सभा चुनाव प्रचार के दौरान जनता से हमने जो वादा किया था, उसी कड़ी में आज इस उपकेंद्र का शुभारंभ हो रहा है। इससे क्षेत्र के 43 गांवों के लगभग 3 हजार उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। कहा कि बीते पांच वर्ष के दौरान कुशीनगर क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण तेजी से हो रहा है। मैत्रेय परियोजना भी धरातल पर उतरने वाली है। पर्यटन व्यवसाय इतना विकसित होगा कि मात्र इसी के बल पर पूर्वांचल से गरीबी और शिक्षा, बेरोजगारी का खात्मा हो जाएगा।
जालसाजी कर सरकारी धन हड़पने के मामले में, विजिलेंस ने कराया मामला दर्ज
कुशीनगर: गोरखपुर विजिलेंस की टीम ने रामकोला थाने में रविवार को थाना क्षेत्र के गांव टेकुआटार के प्रधान, प्रधान पति, ग्राम विकास अधिकारी व जेई आरईएस के खिलाफ जालसाजी कर सरकारी धन हड़पने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर फर्जीवाड़ा कर जवाहर रोजगार योजना के दस लाख से अधिक धन के हड़पने का आरोप है। पुलिस के अनुसार विजिलेंस टीम के निरीक्षक अशोक कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव टेकुआटार में वर्ष 2001-2005 के दौरान प्रधान तथा ग्राम विकास अधिकारी द्वारा मिली भगत कर जवाहर रोजगार योजना के तहत आए धन का बड़े पैमाने पर बंदरबांट किया गया है। इनके द्वारा मिट्टी कार्य कराने तथा मजदूरी के मद में 10 लाख 12 हजार 5 सौ 47 रुपये हड़प लिए गए। इसकी शिकायत मिलने पर वर्ष 2001 से 2005 तक कागजों में दिखाए गए इन विकास कार्यों की जब जांच की गई तो भुगतान के समय लगाए गए सभी बिल बाउचर फर्जी पाए गए, मजदूरी भुगतान के लिए लगाए गए मस्टर रोल भी फर्जी पाए गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रधान संतरा देवी तत्कालीन व मौजूदा प्रधान, उनके पति रामजी गुप्त, ग्राम विकास अधिकारी नत्थू प्रसाद कुशवाहा व अरुण पति त्रिपाठी जेई आरईएस के खिलाफ जालसाली कर सरकारी धन हड़पने, साजिस रचने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
सौ०दैनिक जागरण,कुशीनगर
15 नवंबर से चलेगी, सेवरही चीनी मिल
कुशीनगर : चीनी मिल परिक्षेत्र में जागरूक किसानों द्वारा अगेती प्रजाति के गन्ने की बोआई के रकबा को दृष्टिगत रखते हुए मिल प्रशासन ने चीनी मिल को 15 नवंबर से चलाने का निर्णय लिया है। यह बातें दी यूपी शुगर कंपनी लिमिटेड के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते चीनी मिल के अधिशासी निदेशक शेर सिंह चौहान ने कही।
खुसखबरी : पडरौना-तमकुही एनएच को मिली एनओसी
कुशीनगर:जिले को मिली सौगात पडरौना से तमकुही तकरीबन 40 किमी सड़क के राष्ट्रीय राजमार्ग बनने का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश सरकार ने एनएच के रूप में एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) दे दी है।अब आने वाले दिनों में राजमार्ग बनने के बाद जिला मुख्यालय से कुठकुईया, सेवरही होकर तमकुहीराज तक के लोगों की मार्ग सुगम हो जाएगी तथा क्षेत्र का विकास हो सकेगा।
तरयासुजान पुलिस ने बदांयू से पकड़ा 23 लाख की लूट का इनामी बदमाश
कुशीनगर:तरयासुजान में पांच वर्ष पूर्व पूर्वांचल ग्रामीण बैंक में लूट की घटना को अंजाम देने वाले मुख्य सरगना को पुलिस ने बदायूं से गिरफ्तार किया है। पांच हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर सोमवार की रात लेकर पहुंची। पूछताछ के बाद मंगलवार को जेल भेज दिया। पुलिस की इस सफलता पर एसपी ने टीम की पीठ थपथपाई। मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष तरयासुजान निर्भय कुमार सिंह ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। रविवार को पुलिस टीम के साथ बदांयू निकल गए, जहां मुख्य सरगना के धनपुरा गांव से जगदीश सिंह को स्थानीय पुलिस के सहयोग से पकड़ने में सफलता हासिल की। वहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर वापस लौटी पुलिस ने शातिर बदमाश को एसपी दीपक कुमार भट्ट के समक्ष प्रस्तुत किया। इधर आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने मु.अ.सं.68/011धारा 457/390/411 के तहत देवरिया जेल भेज दिया। बताते हैं कि उक्त थाना क्षेत्र के तरयासुजान बाजार स्थित पूर्वांचल ग्रामीण बैंक में 2011 में सेंध और शटर काट कर बदमाशों ने मशीन से तिजोरी काट लगभग 23 लाख रुपये लूट लिया था।
सौ०दैनिक जागरण
खड्डा में रिश्वत लेते कर्मचारी का वीडियो हुआ वायरल,डीएम ने दिये जाच के आदेश
कुशीनगर:खड्डा खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में नए शिक्षकों के स्थानांतरण के मामले में कर्मचारी द्वारा रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद वीडियो वायरल हो गया है। चार दर्जन प्राथमिक शिक्षकों को मनपसंद स्थान पर स्थानांतरण करने के मामले में पैसे का लेनदेन का खेल कार्यालय में चल रहा है। वीडियो में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एक देवरिया जनपद के रहने वाले शिक्षक जो खड्डा के सारंगछपरा में तैनात था। वह वीडियो में रिलीव होने के नाम पर रुपये देता नजर आ रहा है। आफिस में बैठा एक व्यक्ति फाइलों पर कुछ लिख रहा है, जबकि समीप बैठा लिपिक पैसा लेकर टेबल के दराज में रख रहा है। टेबल के दराज में बड़ी मात्र में रकम भी दिख रही है। एक शिक्षक ने बताया कि चार दर्जन से अधिक शिक्षकों ने अपने इच्छित जनपदों में तबादला कराया था। इनको रिलीव करने के नाम पर प्रति व्यक्ति पांच हजार रुपये लिया गया है। इस संबंध में डीएम शंभू कुमार ने कहा कि वीडिओ की जांच कराई जाएगी मामले को गंभीरता से लिया गया है। दोषी पर कार्रवाई होगी।
सौ० दैनिक जागरण
सीओ सलेमपुर की टेस्टिंग में, पडरौना कोतवाली पास
कुशीनगर: सीओ सलेमपुर अजय कुमार राय की जांच में रविवार को सदर कोतवाली पुलिस पास हो गयी। कोतवाली में किसान बनकर आये सीओ ने मोटरसाइकिल चोरी की सूचना दी, जिस पर तत्काल मुकदमा दर्ज करने का निर्देश देते हुए कोतवाल श्रीकांत राय घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। कोतवाली पुलिस के अनुसार सीओ सलेमपुर अजय कुमार राय अपरान्ह लगभग तीन बजे कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने खुद को नेबुआ-नौरंगिया थाना क्षेत्र के गांव ढोरही का निवासी बताते हुए कहा कि वह नगर के मेन रोड स्थित कुशवाहा बीज भंडार पर बीज खरीदने अपनी मोटरसाइकिल से आए थे। दुकान के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर दुकान पर गए, वहां करीब पंद्रह मिनट बाद जब बीज लेकर वापस आए तो मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। मोटरसाइकिल चोरी की सूचना पर कोतवाल श्रीकांत राय दीवान को मामले में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश देते हुए तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस की इस सक्रियता पर संतोष जताते हुए सीओ राय ने इसे कोतवाली पुलिस के लिए टेस्ट बताते हुए इसमें पूरी तरह सफल होना बताया। सीओ ने त्वरित कार्रवाई के लिए कोतवाल श्रीकांत राय की सराहना की।
UNPG पडरौना में शिक्षकों व कर्मचारियों के लिये बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली लाग्
कुशीनगर :पडरौना उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षकों व कर्मचारियों की उपस्थिति को डिजिटलाइज करने व सुविधापूर्ण बनाने के लिए बायोमैट्रिक प्रणाली का शुभारंभ एक सादे समारोह में शुक्रवार को हुआ। बतौर मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्रबंधक व पूर्व गृह राज्यमंत्री कुंवर आरपीएन सिंह ने फीता काटकर करते हुए कहा कि इससे सबको सुविधा रहेगी। यह प्रक्रिया पहली सितंबर से लागू होगी और उपस्थिति भी इसी से होगी।
